इंदौर: एआई-फर्स्ट बिजनेस कंसल्टिंग और टेक्नोलॉजी सर्विसेज के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर कार्यरत इंफोसिस ने इंदौर में अपने डेवलपमेंट सेंटर का विस्तार किया है। कंपनी ने सुपर कॉरिडोर स्थित अपने कैंपस में नए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट ब्लॉक (एसडीबी-2) का उद्घाटन किया। करीब 3.30 लाख वर्ग फीट में विकसित यह नया ब्लॉक मध्य भारत में इंफोसिस की मौजूदगी को और मजबूत करेगा।
इंफोसिस के इंदौर डेवलपमेंट सेंटर में वर्तमान में 3,300 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। ये कर्मचारी वैश्विक स्तर पर बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज एवं इंश्योरेंस (बीएफएसआई), रिटेल, लाइफ साइंसेज और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों के ग्राहकों को सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
विस्तारित सेंटर के माध्यम से कंपनी क्लाउड, एप्लिकेशन डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग और साइबर सिक्योरिटी जैसे क्षेत्रों में अपनी क्षमताओं का विस्तार करेगी। इससे वैश्विक ग्राहकों की बदलती तकनीकी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। साथ ही, यह विस्तार मध्य भारत की प्रतिभाओं को इंफोसिस से जोड़ने के अवसर भी बढ़ाएगा।
कंपनी ने मध्य प्रदेश के अकादमिक और टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम के साथ अपने जुड़ाव को और मजबूत करने की योजना भी बनाई है। इसके तहत स्किलिंग प्रोग्राम और इंस्टीट्यूशनल पार्टनरशिप के जरिए आईआईटी इंदौर, आईआईएम इंदौर और देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) जैसे संस्थानों के साथ सहयोग को बढ़ाया जाएगा।
नए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट ब्लॉक को इंफोसिस की ईएसजी प्रतिबद्धताओं और ग्रीन बिल्डिंग मानकों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। भवन में कम ऊर्जा खपत वाली कूलिंग व्यवस्था, स्मार्ट बिल्डिंग ऑटोमेशन, वर्षा जल संचयन और अपशिष्ट जल के पुनर्चक्रण जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा, कर्मचारियों के लिए फ्लेक्सिबल वर्कस्टेशन, प्रशिक्षण केंद्र और वेलनेस सेंटर जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, “मजबूत टैलेंट बेस और तेजी से विकसित हो रहे इनोवेशन इकोसिस्टम के साथ इंदौर एक महत्वपूर्ण टेक्नोलॉजी हब के रूप में आगे बढ़ रहा है। इंदौर में इंफोसिस का निवेश राज्य के स्किल्ड युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ मध्य प्रदेश के टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम को और मजबूत करेगा। हम राज्य के प्रति इंफोसिस की इस नई प्रतिबद्धता का स्वागत करते हैं और टेक्नोलॉजी आधारित एवं समावेशी आर्थिक विकास में इसके योगदान की उम्मीद करते हैं।”
इंफोसिस के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (सीएफओ) जयेश संघराजका ने कहा, “इंदौर में अपनी मौजूदगी का विस्तार करते हुए हम बेहद उत्साहित हैं। यह विस्तार टैलेंट, इनोवेशन और डिजिटल क्षमताओं में हमारे निरंतर निवेश को दर्शाता है। इससे हमें क्षेत्र के मजबूत टैलेंट पूल का लाभ उठाने, एआई, क्लाउड और डिजिटल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अपनी क्षमताओं को मजबूत करने और दुनिया भर में अपने ग्राहकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने में मदद मिलेगी। यह विस्तार मध्य प्रदेश के प्रति हमारी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को भी मजबूत करता है और निरंतर निवेश के साथ उच्च गुणवत्ता वाले रोजगार के अवसर पैदा करने में योगदान देगा।”
Thank you for reading this post!
