इंदौर। गणेशोत्सव के पावन अवसर पर शहर के संगीत प्रेमियों के लिए रविवार, 20 सितंबर 2026 को एक विशेष संगीतमय शाम का आयोजन किया जा रहा है। रेसकोर्स रोड स्थित लाभमंडपम सभागृह, अभय प्रशाल में शाम 5:15 बजे से ‘द गोल्डन बीट्स’ कार्यक्रम आयोजित होगा। ‘नाद ब्रह्म म्यूज़िकल ग्रुप’ की संयोजिका एवं संचालिका ममता मेहता के निर्देशन में होने वाले इस कार्यक्रम में आशा भोंसले के बहुरंगी अंदाज़ और अलग-अलग मूड से सजे उनके सदाबहार गीतों को स्वरांजलि दी जाएगी।
‘द गोल्डन बीट्स’ के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रोफेशनल्स अपनी गायकी का हुनर प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में डॉक्टर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, इंजीनियर और बिज़नेस प्रोफेशनल्स सहित शहर के कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्व मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
‘नाद ब्रह्म म्यूज़िकल ग्रुप’ के मंच से अब तक शहर के सैकड़ों कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दे चुके हैं। प्रत्येक आयोजन को संगीत प्रेमियों की सराहना और उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया मिलती रही है। इस बार भी सदाबहार गीतों और लाइव संगीत से सजी यह शाम श्रोताओं के लिए खास अनुभव लेकर आएगी।
कार्यक्रम की संयोजिका एवं संचालिका ममता मेहता ने कहा, “नाद ब्रह्म म्यूज़िकल ग्रुप संगीत के प्रति हमारे प्रेम और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य ऐसे संगीत के माध्यम से श्रोताओं को आनंद, शांति और सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ना है। ‘द गोल्डन बीट्स’ में हम उन सदाबहार धुनों को नए अंदाज़ में प्रस्तुत कर रहे हैं, जिन्होंने दशकों से लोगों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई है। इंदौर के सभी संगीत प्रेमियों से इस संगीतमय शाम का हिस्सा बनने का आग्रह है।”
कार्यक्रम में शहर के प्रोफेशनल्स डॉ. अमिताभ गोयल, डॉ. संजय भटनागर, डॉ. मिताली श्रीमाल और डॉ. सुरेखा सोनी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं प्रसिद्ध व्यवसायी जौहरी आशुतोष कडेल, इंजीनियर मयंक खंडेलवाल, आशा निसरगंध और सिद्धार्थ शुक्ला भी अपनी गायकी से शाम को यादगार बनाएंगे।
कार्यक्रम का संगीत संयोजन पिंटू कसेरा एवं टीम द्वारा किया गया है, जबकि स्वरांश पाठक एवं टीम कोरस के माध्यम से प्रस्तुतियों में मधुरता का रंग भरेंगे।
Thank you for reading this post!
